प्रशांत किशोर ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे पर सरकार को घेरा

 


पटना, 21 जुलाई (हि.स.)। जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने वार्ड नंबर 22 के कृष्णा पथ स्थित रामहरि अपार्टमेंट में एक मोहल्ला बैठक को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने जन सुराज के कार्यकर्ता की गिरफ्तारी और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर बयान दिया।

प्रशांत किशोर ने कहा कि कल आपने देखा कि देश के बच्चों को, आपके-हमारे बच्चों को, भाइयों को जिस तरह से सरकार ने पिटवाया है, मारा है और उनके साथ जो अत्याचार हुआ है, उसका जवाब बांकीपुर की जनता यहां वोट के माध्यम से देगी। भाजपा को बताएगी कि यह लोकतंत्र है, किसी का एकाधिकार नहीं है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि यह जो लड़ाई है, यह भाजपा की सरकार, उनका यहां का संगठन और उनका अहंकार और बांकीपुर की जनता के बीच है। चाहे वे कितना भी कोशिश कर लें, इस बार दांव नहीं चलने वाला है। नवंबर 2025 में बिहार की जनता से जो गलती हुई, इस बार बांकीपुर में वह नहीं दोहराई जाएगी। बांकीपुर कीजनता पूरी तरह से तैयार है कि हर हाल में 30 जुलाई को जब वोट पड़ेगा, वह भाजपा को हराएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त