पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लंबित आवेदनों का जल्द करें सत्यापन: डीडीसी
सुपौल, 13 अप्रैल (हि.स.)। सुपौल में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत लंबित आवेदनों की समीक्षा को लेकर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सह जिला स्तरीय प्रवेशोत्तर छात्रवृत्ति समिति की अध्यक्ष सुश्री सारा अशरफ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रवृत्ति से जुड़े लंबित आवेदनों के सत्यापन कार्य की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के तहत पिछड़ा वर्ग (बीसी) एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के कुल 11 आवेदनों का सत्यापन किया गया है। वहीं वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए बीसी और ईबीसी वर्ग के 1477 आवेदनों का सत्यापन किया गया है।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के कुल 170 आवेदनों का सत्यापन किया गया है। समीक्षा में यह भी पाया गया कि कुछ प्रखंडों में अभी आवेदन लंबित हैं, जिनमें त्रिवेणीगंज प्रखंड में 31 आवेदन, पिपरा में 28 आवेदन तथा छातापुर में 20 आवेदन लंबित हैं।
डीडीसी सारा अशरफ ने संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान प्रवीण कुमार, सभी अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, संभाग प्रभारी ओम प्रकाश बीसी, ईबीसी एवं एससी-एसटी के मनोनीत सदस्य रामचंद्र यादव, शंभू चौधरी, अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र