पोखर में डूबने से युवती की मौत, परिजन में मचा कोहराम

 




सुपौल, 12 अगस्त (हि.स.)। मरौना थाना क्षेत्र की बेलही पंचायत के वार्ड संख्या-05 में बुधवार को पोखर में डूबने से 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका स्थानीय निवासी जाविर हुसैन की पुत्री फातमा खातून है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी मातम पसरा है।

फातमा खातून बुधवार को अपने घर के समीप स्थित पोखर में नहाने गई थी। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखर में उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने युवती को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही मरौना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए हादसे से परिवार के लोगों को गहरा सदमा पहुंचा है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई ऐसे पोखर हैं, जिनमें पानी काफी गहरा है। नहाने के दौरान लोगों के डूबने की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने लोगों से पोखर और तालाब में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

मरौना के अंचलाधिकारी अभिजीत कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतका के परिजनों को नियमानुसार सरकारी स्तर से आपदा लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र