राहुल गांधी पर दिए बयान से बिहार में सियासी बवाल: अजीत शर्मा ने कहा हिमंता बिस्वा सरमा का 'मानसिक संतुलन बिगड़ा, मांगें माफी
भागलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। पूर्णिया में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को 'बड़ा पागल' बताते हुए उन्हें बांग्लादेश भेज देने की बात कही थी। इस अमर्यादित बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तीन बार विधायक रह चुके पूर्व सीएलपी लीडर अजीत शर्मा ने बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है और असम के मुख्यमंत्री पर तीखा पलटवार किया है।
भागलपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता अजीत शर्मा ने असम के मुख्यमंत्री पर निशाना साधने के लिए मुहावरे का सहारा लिया। उन्होंने कहा, हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार। अजीत शर्मा ने आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा सरमा का मानसिक संतुलन पूरी तरह खराब हो चुका है और वर्तमान में उन्हें तुरंत इलाज की जरूरत है। सरमा के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए अजीत शर्मा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने से पहले हिमंता बिस्वा सरमा खुद कांग्रेस पार्टी में थे। उस दौर में राहुल गांधी से मुलाकात करने के लिए वे घंटों इंतजार किया करते थे।
कांग्रेस नेता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब हिमंता बिस्वा सरमा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे, तो उन्होंने खुद को बचाने के लिए कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। आज वही व्यक्ति अपने पुराने नेता के खिलाफ इस तरह की घटिया और अमर्यादित टिप्पणी कर रहा है। अजीत शर्मा ने असम के मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि राहुल गांधी देश की एक बेहद प्रतिष्ठित और बड़ी राजनीतिक पार्टी के शीर्ष नेता हैं। हिमंता बिस्वा सरमा को सूर्य को आईना दिखाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। लोकतंत्र में इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना किसी भी मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता।
कांग्रेस के पूर्व सीएलपी लीडर ने असम के मुख्यमंत्री से पुरजोर मांग की है कि वे देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने और राजनीतिक शुचिता का सम्मान करते हुए अपने इस विवादित बयान के लिए राहुल गांधी और पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इस बयानबाजी के बाद बिहार में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर