घुसपैठ मुद्दे पर गरमाई किशनगंज की राजनीति, गोपाल अग्रवाल के समर्थन में आए हबेबुर रहमान

 


किशनगंज, 22 अप्रैल (हि.स.)। किशनगंज में कथित बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक गोपाल अग्रवाल द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद स्थानीय राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।

इस बीच जदयू नेता हबेबुर रहमान ने भी विधायक गोपाल अग्रवाल के बयान का समर्थन करते हुए इसे जनहित से जुड़ा मुद्दा बताया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बांग्लादेशी घुसपैठ की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसे गंभीरता से उठाने की आवश्यकता है। हबेबुर रहमान ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा, पहचान और संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए इस समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाना क्षेत्रीय हित में है और इससे प्रशासन का ध्यान भी इस ओर जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक या निजी स्वार्थ के कारण इस मुद्दे को हल्का दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोग वास्तविक समस्या से ध्यान भटकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। विपक्षी दलों के नेताओं ने इस मुद्दे पर आपत्ति जताई है।

विपक्ष का कहना है कि बिना ठोस प्रमाण के इस तरह के बयान से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। विपक्षी नेताओं ने सरकार से मामले पर स्थिति स्पष्ट करने और तथ्यात्मक जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। गौरतलब है कि सीमावर्ती किशनगंज में समय-समय पर घुसपैठ का मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बनता रहा है। विधायक गोपाल अग्रवाल द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद एक बार फिर स्थानीय राजनीति गरमा गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह