पुलिस सप्ताह को लेकर पुलिस बनाम मीडिया मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन

 


भागलपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस सप्ताह को लेकर शुक्रवार को भागलपुर में पुलिस प्रशासन एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच सैंण्डिस कंपाउंड में एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, आपसी संवाद तथा सौहार्दपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

मैच का शुभारंभ वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। पुलिस टीम की कमान स्वयं वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर ने संभाली। दोनों टीमों ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

पुलिस टीम और मीडिया टीम के खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ आपसी सहयोग और सम्मान का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। मैच के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि पुलिस सप्ताह केवल एक विभागीय कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस प्रकार के आयोजन आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर