अपराधियों की खैर नहीं, पूर्णिया में रातभर ‘सुपर पेट्रोलिंग’ का पहरा

 


पूर्णियाँ, 21 नवंबर (हि.स.)।

जिले में अपराध नियंत्रण और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूर्णिया पुलिस ने ‘सुपर पेट्रोलिंग’ व्यवस्था लागू कर दी है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष पुलिस गश्त की व्यवस्था की गई है। इसके तहत सदर-1, बायसी और धमदाहा पुलिस अनुमंडलों में जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती कर उनके मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं।

तीन अनुमंडलों में विशेष निगरानी: सदर-1 अनुमंडल की जिम्मेदारी पुलिस निरीक्षक सरोज कुमार को सौंपी गई है। उनके अधीन केहाट, मधुबनी, मरंगा, सदर, सहायक खजांची एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र रहेंगे। बायसी अनुमंडल में पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार को बायसी, डगरुआ, अमौर, रौटा एवं अनगढ़ थाना क्षेत्रों की जिम्मेदारी मिली है। धमदाहा अनुमंडल में पुलिस निरीक्षक राजेश भारती को धमदाहा, मीरगंज, बड़हरा, रघुवंशनगर, भवानीपुर, रूपौली, बलिया, अकबरपुर, टीकापट्टी एवं मोहनपुर थाना क्षेत्रों की निगरानी सौंपी गई है।

परेशानी होने पर सीधे करें संपर्क: पुलिस ने आम नागरिकों की सहायता के लिए सुपर पेट्रोलिंग अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। सदर-1 के लिए 7903942544, बायसी के लिए 9031045203 एवं 9162143717 तथा धमदाहा के लिए 9031045205 एवं 9122278222 पर संपर्क किया जा सकता है।

पूर्णिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समय समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित सुपर पेट्रोलिंग पदाधिकारी से संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह