भपटियाही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 81 बोतल नेपाली शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 


सुपौल, 11 जून (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना पुलिस ने गुरुवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 81 बोतल नेपाली शराब बरामद की है।

इस अभियान में दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

भपटियाही थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान गढ़िया वार्ड संख्या 8 निवासी परमानंद मुखिया के घर के पीछे बांस की झाड़ियों से 77 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई।

बरामदगी के बाद पुलिस ने परमानंद मुखिया को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसी अभियान के तहत सरायगढ़ नहर के समीप गंगापुर वार्ड संख्या 16 निवासी राजकुमार शर्मा को एक संदिग्ध बाइक के साथ रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4 बोतल नेपाली शराब मिली।

पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब तस्करी के इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा इसकी आपूर्ति श्रृंखला कितनी व्यापक है।

नेपाल सीमा से सटे होने के कारण सुपौल जिले में नेपाली शराब की तस्करी लंबे समय से प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार ऐसे नेटवर्क पर कार्रवाई कर रहे हैं। भपटियाही पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र