भपटियाही पुलिस ने नेपाली शराब के साथ कार जब्त की, तस्कर फरार

 




सुपौल, 27 जुलाई (हि.स.)। भपटियाही थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 720 बोतल नेपाली शराब से लदी एक कार को जब्त किया। पुलिस को लंबे समय से इस इलाके में शराब तस्करी की सूचना मिल रही थी।

इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने भपटियाही वार्ड संख्या 9 स्थित नहर के समीप घेराबंदी की।

थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने काफी दूर तक उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक सड़क किनारे कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर आठ प्लास्टिक के बोरों में रखी कुल 720 बोतल नेपाली निर्मित शराब बरामद हुई। जब्त शराब और कार को थाना लाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार चालक की पहचान, गिरफ्तारी तथा वाहन के वास्तविक मालिक का पता लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

साथ ही शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र