लावारिस कार से विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
दरभंगा, 19 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत बहेड़ा थाना क्षेत्र के महिनाम गांव स्थित काली मंदिर चौक के समीप काफी देर से खड़ी दो लावारिस कारों को पुलिस ने जब्त कर लिया। तलाशी के दौरान एक कार से 401 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।
बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस बल के साथ काली मंदिर चौक के समीप पहुंचकर दोनों कारों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। कार के समीप मौजूद एक व्यक्ति से कार के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
सत्यापन के बाद शराब बरामदगी के मामले में महिनाम निवासी दुर्गेश कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मामले में महिनाम निवासी मनीष कुमार झा की संलिप्तता सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra