सारण में पुलिस ने देर रात होटलों और हॉस्टलों की तलाशी
सारण, 24 जुलाई (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में स्थित होटलों, लॉज, हॉस्टलों, बैंकों, एटीएम और दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस बल ने आगंतुकों के सत्यापन, होटल रजिस्टरों की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग सहित सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। साथ ही रात्रि गश्ती बढ़ाकर प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सारण पुलिस ने सभी होटल और लॉज संचालकों को सख्त निर्देश दिया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी को भी कमरा न दें और सभी का विवरण रजिस्टर में दर्ज करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार