फर्जी डीएसपी बनकर ठगी करने वाले मनोज वर्मा के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तिहार,हाजिर न होने पर होगी कुर्की-जब्ती
भागलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी मनोज कुमार वर्मा के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आरोपी के आवास पर शुक्रवार को पुलिस ने भारी लाव-लश्कर और ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचकर इश्तिहार चस्पा किया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
उल्लेखनीय है कि आरोपी मनोज कुमार वर्मा खुद को सीआईडी का डीएसपी बताकर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देता था। उसने वीआईपी रसूख दिखाकर कई बेरोजगार युवकों से मोटी रकम वसूली। आरोप है कि पैसे लेने के बाद जब पीड़ितों को नौकरी नहीं मिली और उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ितों ने न्याय की गुहार लगाते हुए भागलपुर के बाईपास थाना और ईशाकचक थाना में एफआईआर दर्ज कराई।
वहीं, इस मामले की गूंज पड़ोसी जिले बांका में भी रही, जहां एक जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही शातिर आरोपी पिछले कई महीनों से लगातार फरार चल रहा है। बांका कोर्ट से गिरफ्तारी का वारंट जारी होने के बाद भी जब उसने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो न्यायालय के आदेश पर ईशाकचक थाना पुलिस ने उसके खिलाफ इश्तिहार चस्पा करने की यह सख्त कानूनी प्रक्रिया अपनाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई आरोपी को कोर्ट में पेश होने का अंतिम मौका देने के लिए की गई है।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह ने इस पूरी कानूनी प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया, जब कोई आरोपी एफआईआर दर्ज होने और कोर्ट से गिरफ्तारी वारेंट जारी होने के बाद भी जानबूझकर फरार रहता है, तो न्यायालय सीआरपीसी के तहत इश्तिहार जारी करता है। पुलिस द्वारा ढोल बजाकर इश्तिहार चस्पा करने का मकसद आरोपी और समाज को यह सूचित करना होता है कि वह कानून की नजर में भगोड़ा है। यदि आरोपी इसके बाद भी तय समय सीमा के भीतर कोर्ट या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो पुलिस को उसके घर की कुर्की-जब्ती (संपत्ति जब्त करने) का कानूनी अधिकार मिल जाता है।
ईशाकचक थाना पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि मनोज कुमार वर्मा जल्द ही न्यायालय में हाजिर नहीं होता है, तो पुलिस उसके घर की कुर्की-जब्ती की अगली बड़ी कार्रवाई शुरू कर देगी। फिलहाल पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर