अनुशासनहीनता के आरोप में पुलिस पदाधिकारी निलंबित

 




पश्चिमचम्पारण(बगहा), 7अक्टूबर(हि.स. )। पुलिस अधीक्षक, बगहा ने ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमाने आचरण के मामलों में दो पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। भितहा थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) राजकुमार राम को ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने, अनुशासनहीन व्यवहार करने, थाना की गोपनीयता भंग करने तथा पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में राजकुमार राम को सामान्य जीवनयापन भत्ता देय होगा तथा उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, बगहा निर्धारित किया गया है। उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया गया है।वहीं, गोवर्धना थाना से संबंधित एक मामले में शिकायत एवं उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक ने गोवर्धना थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार राय के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। मामला गोवर्धना थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी एक आवेदक द्वारा लकड़ी काटने को लेकर उत्पन्न विवाद से संबंधित था।

आरोप है कि संबंधित पुलिस पदाधिकारी ने बिना किसी वरीय पदाधिकारी की अनुमति अथवा समुचित जांच के विवादित लकड़ी को 10 सितंबर 2026 को एक पक्ष के प्रभाव में आकर उसे सौंप दिया। मामले में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।

प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानेपन एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने जितेन्द्र कुमार राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर पुलिस केंद्र, बगहा में योगदान देने का निर्देश दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया गया है।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा मनमाने आचरण को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी