मिठाई खाने से पूरा परिवार बीमार, ग्राहक की शिकायत पर दुकान सील*

 


बक्सर, 11 सितंबर (हि.स.)।

नगर के राजगढ़ चौक स्थित प्रजापति मिष्ठान भंडार को प्रशासन ने ग्राहक के शिकायत पर सील कर दिया ।

इस प्रतिष्ठान के खिलाफ प्रशासन ने स्थानीय प्रखंड के अरियांव निवासी ग्राहक व उसके परिवार के शिकायत के बाद कार्रवाई की । जिसमें उन्होंने इस दुकान की मिठाई खाने के बाद पूरे परिवार के लोगों का तबियत बिगड़ने और लगातार वोमिटिंग होने का आरोप लगाया था । जिसके बाद अनुमंडलीय प्रशासन की पहल पर पीड़ित परिवार के सभी सदस्यों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव में किया गया । जहां से वे स्लाइन चढ़ाने व जरूरी इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घर गए ।

पीड़ित परिवार के प्रभावित लोगों में महिला और बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा थी । वहीं पुरुष सदस्य सहित लगभग 9 लोग मिठाई खाने के बाद बीमार पड़े थे । चिकित्सकों के अनुसार फूड प्वाइजनिंग के चलते लोगों की स्थिति बिगड़ी और वे बीमार हुए । इस घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडलाधिकारी राजीव कुमार, डीसीएलआर टेशलाल सिंह, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ प्रजापति मिष्ठान भंडार जाकर दुकानदार से संबंधित मामले को लेकर पूछताछ की । साथ ही मिठाई का सैंपल कलेक्ट करते हुए दुकान को सील करने की कार्रवाई की गई ।

इस बारे में प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सिंह ने बताया की अभी इस मामले में प्रथमिकी दर्ज नहीं हुई है । वहीं उन्होंने बताया की लिए गए सैंपल को लैब में भेजा गया है । उसका रिपोर्ट आने व जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra