नव नियुक्त सिपाहियों के प्रशिक्षण का एसपी ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 


बक्सर, 29 अगस्त (हि.स.)।

जिले में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव नियुक्त सिपाहियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, बक्सर ने निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, सिपाहियों के अनुशासन, कार्यप्रणाली एवं प्रशिक्षण की प्रगति का जायजा लिया। एसपी ने प्रशिक्षण से जुड़े पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए प्रशिक्षण को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने नव नियुक्त सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और कानून के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सिपाहियों को आम जनता के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पुलिसकर्मियों के व्यावसायिक कौशल को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण से जुड़े कर्मी मौजूद रहे। पुलिस विभाग की ओर से नव नियुक्त सिपाहियों को अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra