नशा, शराब व तस्करी के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, 88 गिरफ्तार

 


किशनगंज, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के दौरान किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को किशनगंज पुलिस द्वारा जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक अभियान में कुल 88 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान वाहनों से यातायात नियमों के उल्लंघन पर 5 लाख 72 हजार 600 रुपये शमन राशि वसूली गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 941 ग्राम ब्राउन शुगर/स्मैक/हेरोइन बरामद की गई, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 81 लाख रुपये बताया गया है। इसके अलावा 3.888 किलोग्राम गांजा, 171.5 लीटर विदेशी शराब और 32.8 लीटर देशी शराब भी जब्त की गई। अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई में एक पिस्टल और दो मैगजीन बरामद की गईं।

गृहभेदन व चोरी के मामलों में 65 किलो तांबे का तार, सात मोबाइल, छह मोटरसाइकिल, तीन ट्रक और तीन टेंपो/टोटो बरामद किए गए। पुलिस ने 17,950 रुपये भारतीय मुद्रा, 11 ट्रैक्टर तथा अन्य सामान भी जब्त किया। पशु तस्करी के खिलाफ अभियान में 88 मवेशियों को बरामद किया गया। इसके अलावा पिलास-पेचकस, ताश की गड्डी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी पुलिस की कार्रवाई में जब्त किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने का निर्देश दिया है। पुलिस ने कहा कि नशा मुक्त किशनगंज के लिए मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह