सारण के गरखा में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़
सारण, 16 जुलाई (हि.स.)। गरखा थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के आधुनिक उपकरण जब्त करते हुए एक मुख्य अभियुक्त को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गरखा थाना क्षेत्र के साधपुर ग्राम स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में अवैध हथियारों का निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने जब बताए गए स्थान की घेराबंदी की, तो एक संदिग्ध व्यक्ति मकान के पिछले दरवाजे से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस बल ने पकड़ लिया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान परसा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव निवासी दिवंगत बैजनाथ शर्मा के पुत्र विकास कुमार शर्मा के रूप में हुई है।
जब पुलिस टीम ने उक्त अर्धनिर्मित मकान की विधिवत तलाशी ली तलाशी के दौरान मौके से दो देशी पिस्टल, चार खाली मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके अलावा हथियार बनाने और उनकी मरम्मत में इस्तेमाल होने वाला एक पूरा कारखाना मिला, जिसमें एक ड्रिल मशीन, दो वाइस मशीन, एक ग्राइंडर, चौदह लोहे की रेती, दो हथौड़ी, सैंतीस ड्रिल बर्मा, 28 लोहे के रिपीट, छह लोहे की छेनी, मैगजीन व स्लाइडर स्प्रिंग, हेक्सा ब्लेड और बड़ी संख्या में अन्य कल-पुर्जे व औजार शामिल हैं।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से यहाँ अवैध हथियारों के निर्माण और मरम्मत का काम कर रहा था। बरामद पिस्टल भी मरम्मत के लिए लाई गई थी। उसने खुलासा किया कि मकान मालिक के संरक्षण में इस अवैध मिनी गन फैक्ट्री और शराब के कारोबार का संचालन किया जा रहा था।
इस मामले में गरखा थाना में कांड संख्या-855/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर। पुलिस अब इस धंधे से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और फरार मकान मालिक सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार