फाइनेंसकर्मी से लूटपाट के क्रम में गोली मार देने का पुलिस का खुलासा,तीन गिरफ्तार

 


अररिया 27 अप्रैल(हि.स.)।

अररिया जिला पुलिस ने 25 अप्रैल की शाम हड़िया नहर रेलवे ब्रिज के पास फाइनेंसकर्मी मो.रुस्तम से लूटपाट के क्रम में गोली मारकर घायल कर देने के मामले का खुलासा कर लिया है।पुलिस ने तीनों बदमाशों को घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा,मिसफायर कारतूस,देशी पिस्टल,स्प्रिंगयुक्त मैगजीन,घटना में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल,एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी एसपी जितेन्द्र कुमार ने दी।एसपी ने बताया कि 25 अप्रैल हड़िया नहर रेलवे ब्रिज के पास रौटा में भारत फाइनेंस कंपनी में फील्ड ऑफिसर के रूप में तैनात फारबिसगंज के भागकोहलिया चौरा परवाहा वार्ड संख्या 13 निवासी मो.रुस्तम पिता मो.जमीरउद्दीन अपने बाइक से घर जा रहा था,इसी क्रम में केटीएम बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट के लिए उसे रोका।जिसका फाइनेंस कर्मचारी के द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उनके दाएं पैर में गोली मार दी।जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।मामले को लेकर आरएस थाना में कांड संख्या 89/26 धारा 126(2),118(1),309(6),109(3)(5) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना को लेकर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी दल के द्वारा वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के साथ सीसीटीवी कैमरा के फुटेज का अवलोकन करने के बाद घटना में शामिल तीनों बदमाशों की शिनाख्त की गई।जिसके बाद छापेमारी दल के द्वारा सिमराहा थाना क्षेत्र के औराही वार्ड संख्या दो निवासी 24 वर्षीय अमित कुमार यादव पिता सुशील यादव,23 वर्षीय सुमित कुमार यादव पिता स्व.गंगा यादव और अररिया नगर थाना क्षेत्र के ओमनगर वार्ड संख्या 8 निवासी 30 वर्षीय रविशंकर कुमार उर्फ भोलम पिता रामोतार महतो को गिरफ्तार किया गया।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आपराधिक प्रवृति के हैं।तीनों के खिलाफ अररिया के साथ सिमराहा,कुर्साकांटा,फारबिसगंज थाना में कांड दर्ज हैं।

छापेमारी दल में सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार, आरएस थानाध्यक्ष अंकुर,सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार,त्रिपुरारी कुमार और डीआईयू की टीम शामिल थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर