कटिहार पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: शराब-स्मैक और हथियार बरामद, कई गिरफ्तार
कटिहार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जहां भारी मात्रा में विदेशी शराब, स्मैक और अवैध हथियार बरामद किए गए, वहीं बहुचर्चित मक्का लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए संलिप्त अपराधियों को दबोचा गया।
अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।
कार से 410.5 लीटर विदेशी शराब व नाका पर 49.57 ग्राम स्मैक जब्त
शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ रोशना व सहायक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। रोशना थानाध्यक्ष ने गुप्त सूचना पर लाभा चेक पोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान एक कार से 410.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। मौके से समस्तीपुर जिले के मुसरी घरारी निवासी तस्कर राहुल कुमार (25) को गिरफ्तार किया गया। वहीं, सहायक थाना पुलिस ने नाका नंबर-02 (शरीफगंज) के पास छापेमारी कर 49.57 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल के साथ स्थानीय तस्कर सोएव अंसारी (22) को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में कट्टा व मस्केट बरामद, स्कूल में हथियार चमकाने वाला किशोर निरुद्ध
अपराध नियंत्रण के तहत बरारी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम सिक्कट में छापेमारी की। वहां किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहे मनोज कुमार मंडल (43) को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक मस्केट (जर्सी) बरामद हुआ।
उधर, बलिया बेलौन थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में छात्राओं को गाली-गलौज कर अवैध हथियार का भय दिखाने वाले एक विधि-विरुद्ध बालक को स्थानीय लोगों और शिक्षकों के सहयोग से पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए निरुद्ध किया और उसके पास से एक अवैध हथियार जब्त किया गया।
सालमारी में हथियार के बल पर हुई मक्का लदे ट्रैक्टर की लूट का पर्दाफाश
गत 19 मई को सालमारी थाना क्षेत्र में हथियार का भय दिखाकर करीब 100 बोरा (50 क्विंटल) मक्का लदे ट्रैक्टर को लूटने और चालक के साथ मारपीट करने के गंभीर मामले का भी पुलिस ने उद्भेदन कर दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), बारसोई के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने वैज्ञानिक व मानवीय अनुसंधान के आधार पर कदवा थाना क्षेत्र के कचौरा निवासी मुख्य आरोपी इमाम हुसैन (28) को गिरफ्तार किया, जबकि घटना में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। इनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह