सारण में ट्रेड यूनियन आंदोलन को लेकर पुलिस अलर्ट
सारण, 10 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय संयुक्त ट्रेड यूनियन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आयोजित आंदोलन के मद्देनजर सारण जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न स्थलों पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत जानकारी ली तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आंदोलन को देखते हुए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर क्षेत्रों में निरंतर गश्त कर रहे हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, सारण पुलिस सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक जानकारियों को फैलने से रोकने के लिए विशेष निगरानी रख रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार