चोरी पर लगाम कसने को पुलिस का एक्शन प्लान, 10 संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे विशेष गश्ती
किशनगंज, 03 जुलाई (हि.स.)। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत शहर और आसपास के 10 संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां चौबीसों घंटे विशेष निगरानी और गश्ती की व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि नई रणनीति लागू होने के बाद चोरी की घटनाओं में प्रभावी कमी आएगी। पुलिस द्वारा चिन्हित क्षेत्रों में रूईधासा, सुभाष पल्ली, चूड़ी पट्टी, खगड़ा, फल पट्टी तथा एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आसपास का इलाका प्रमुख रूप से शामिल है। इन स्थानों पर नियमित वाहन गश्ती के साथ फुट पेट्रोलिंग भी कराई जाएगी, ताकि गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे।
संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। नई कार्ययोजना के तहत प्रत्येक गश्ती दल में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। वहीं, शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल गश्ती बढ़ाई जाएगी, जिससे संकरी सड़कों और अंदरूनी मोहल्लों तक पुलिस की पहुंच और तेज हो सके।
पुलिस ने लोगों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। नागरिकों को घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही यदि कोई परिवार घर बंद कर बाहर जाता है तो इसकी सूचना संबंधित थाना या स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया गया है, ताकि उस क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी रखी जा सके।
शुक्रवार को एसडीपीओ खुसरु सिराज ने बताया कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्ती बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और जवानों को विशनपुर पीटीसी में आधुनिक निगरानी और त्वरित कार्रवाई का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने आम लोगों से सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील करते हुए भरोसा जताया कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह