बक्सर पुलिस के विशेष अभियान में 10 गिरफ्तार, 76.86 लीटर विदेशी शराब बरामद

 

बक्सर, 18 अगस्त (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बक्सर पुलिस द्वारा 17 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान में विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अपराध के मुख्य शीर्ष मामलों में आर्म्स एक्ट के एक कांड में एक अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई। वहीं शराब से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए सेवन के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 76.86 लीटर विदेशी शराब भी बरामद की। हालांकि, देशी शराब की बरामदगी नहीं हुई।

अभियान के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल भी बरामद कीं। इसके अलावा न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली और 18 वारंटों का निष्पादन किया गया। वहीं दो मामलों में कुर्की की कार्रवाई भी पूरी की गई। वारंट में गिरफ्तारी के संबंध में कोई व्यक्ति गिरफ्तार नहीं हुआ।

वाहन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से 11,000 रुपये जुर्माना भी वसूला गया। पुलिस ने बताया कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra