पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार वाहन को डीएम ने दिखाई हरी झंडी

 


सुपौल, 20 अगस्त (हि.स.)। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय परिसर से प्रचार अभियान की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित प्रचार वाहन तथा नुक्कड़ नाटक समिति को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रचार वाहन विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल के अंतर्गत सुपौल सदर, किशनपुर, पिपरा एवं त्रिवेणीगंज प्रखंड के कुल 14 चयनित स्थलों पर पहुंचकर लोगों को योजना की जानकारी देगा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी आम लोगों को योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाएगा।

योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और बिजली के खर्च में कमी लाना है। योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, उपभोक्ता संख्या, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण तथा छत के स्वामित्व से संबंधित प्रमाण पत्र आवश्यक है। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर की आधिकारिक वेबसाइट, बिहार ऐप अथवा पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

डीएम ने बताया कि आवेदकों की सुविधा के लिए बैंकों के माध्यम से 5.75 प्रतिशत की दर से ऋण की व्यवस्था भी की गई है। योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा एक किलोवाट के सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये का अनुदान निर्धारित है।

इसके अतिरिक्त बिहार सरकार द्वारा अनुदान में अतिरिक्त राशि दी जा रही है। एक किलोवाट संयंत्र पर कुल 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर कुल 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक अनुदान का लाभ दिया जा रहा है।

इस अवसर पर विद्युत अधीक्षण अभियंता सहरसा संतोष कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन, विद्युत कार्यपालक अभियंता राघोपुर धनंजय कुमार सिंह, वरीय प्रबंधक (राजस्व) दीपक कुमार, सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष कुमार शर्मा, सहायक विद्युत अभियंता त्रिवेणीगंज आकाश कुमार सहित विद्युत विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र