पीएम सूर्य घर योजना को लेकर डीएम नगर निकायों एवं जीविका को दिया लक्ष्य

 


अररिया 18 अगस्त (हि.स.) । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निकायों एवं जीविका दीदियों को लक्ष्य दिया।योजना की प्रगति, लंबित ऋण आवेदनों के निष्पादन तथा स्वीकृत लाभुकों के घरों पर सोलर पैनल अधिष्ठापन की विस्तृत समीक्षा के दौरान डीएम ने इसको लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के तहत वर्तमान में 64 स्वीकृत आवेदनों का ऋण डिस्बर्समेंट किया जा चुका है। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि उक्त सभी उपभोक्ताओं के घरों पर अधिकृत वेंडरों के माध्यम से अविलंब सोलर पैनल का अधिष्ठापन सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में योजना के अंतर्गत लंबित 231 ऋण आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक समन्वयकों एवं शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लाभुक योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

बैठक में पीएम सूर्यघर योजना के विस्तार को लेकर सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने नगरीय क्षेत्र से 10-10 आवेदन कराने का लक्ष्य दिया गया।डीपीएम जीविका को भी सभी संकुल स्तरीय संघ के माध्यम से 10-10 आवेदन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अररिया एवं फारबिसगंज, सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद एवं नगर पंचायत, डीपीएम जीविका, सभी सहायक अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर