पीएम सूर्यघर योजना के लंबित ऋण आवेदनों का सात दिनों में निष्पादन का डीएम का निर्देश
अररिया 31 जुलाई(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन ने बैंकर्स सहित अधिकारियों को पीएम सूर्यघर योजना के लंबित ऋण आवेदनों का सात दिनों में निष्पादन का निर्देश दिया।
डीएम की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना एवं उद्योग विभाग से जुड़े बैंकों के कार्यों की शुक्रवार को समीक्षा बैठक यह निर्देश दिया। बैठक में महाप्रबंधक उद्योग, एलडीएम, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं सभी कनीय विद्युत अभियंता तथा सभी बैंकर्स उपस्थित थे।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सेक्शनवार कनीय विद्युत अभियंताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि चालू माह में 15 सोलर प्लांट का अधिष्ठापन किया गया है, जबकि अब तक कुल 55 सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। योजना के तहत इस माह में अब तक 424 ऋण आवेदन बैंकों को प्राप्त हुए हैं, जिनमें 228 आवेदन लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि लंबित ऋण आवेदनों का सात दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना किसी वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाए।
बैठक में बताया गया कि योजना के तहत 02 लाख रुपये तक के ऋण के लिए बैंक खाते का विवरण, बिजली बिल एवं भूमि के मालिकाना हक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अपेक्षित हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से अतिरिक्त दस्तावेज अथवा प्रक्रिया के कारण कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
सोलर पैनल अधिष्ठापन में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को प्रशाखावार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा कनीय विद्युत अभियंताओं के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में महलगांव एवं सिकटी के कनीय विद्युत अभियंताओं की अपेक्षाकृत प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक उद्योग अनिल कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक इंदु शेखर, विद्युत कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार एवं राजेश प्रियदर्शी, सभी सहायक अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर