पीएम सूर्य घर योजना से घटेगा बिजली खर्च: जिलाधिकारी सारण

 










सारण, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक-सह-कार्यशाला का आयोजन भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों के बिजली बिल के खर्च को शून्य करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।

योजना की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि 15 फरवरी 2025 से शुरू हुई यह समयबद्ध योजना 31 मार्च 2027 तक प्रभावी है। यह पूरी तरह उपभोक्ता हितैषी है, जिसके तहत बिना किसी कॉलेटरल या सिबिल स्कोर के अत्यंत किफायती दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ऋण की मासिक ईएमआई सामान्य बिजली बिल की तरह ही जाएगी और 4-5 वर्षों में ऋण चुकता होने पर यह भी शून्य हो जाएगी।

इसके अलावा सरकार 1 किलोवाट पर 30 हजार, 2 किलोवाट पर 60 हजार और 3 किलोवाट के संयंत्र पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है। इन सोलर पैनलों का जीवनकाल 25 वर्ष है और इनका पर्यावरणीय लाभ प्रति सोलर पैनल 100 पेड़ लगाने के बराबर है।

इस अवसर पर योजना को गति देने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले लाभार्थियों में चंद्रमणि प्रसाद ब्यावहुत, अशोक कुमार चौबे, मनोज कुमार सिन्हा, जय लोक प्रकाश सिंह, विपिन कुमार शर्मा और मनोज कुमार ठाकुर शामिल रहे। बेहतर वित्तीय सहयोग के लिए एसबीआई परसा, सोनपुर, छपरा तथा पीएनबी मौना छपरा, बनियापुर के शाखा प्रबंधकों को पुरस्कृत किया गया।

साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले वेंडर्स एम/एस एआर डेटाप्रो, चंदौसा एंटरप्राइजेज, न्यू कांसेप्ट स्किल्स, रियांश एंटरप्राइजेज और कॉमेक्स कंप्यूटर्स को भी जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से केवल अधिकृत माध्यमों से ही आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार