‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की समीक्षा, बैंकों को लोन में तेजी लाने के दिए निर्देश

 


कटिहार, 05 अगस्त (हि.स.)। 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' की प्रगति एवं क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सोलर संयंत्रों के अधिष्ठापन में तेजी लाने और बैंकों से लोन निर्गत करने की प्रक्रिया को त्वरित करने का कड़ा निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकें।

समाहरणालय सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, सभी बैंकों के जिला समन्वयक, विद्युत कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कटिहार व बारसोई), सभी सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान डीएम ने योजना के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर इसकी जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।

योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी और संयंत्र की क्षमता का ब्योरा देते हुए बताया गया कि 1 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाने पर सरकार द्वारा 30,000 रुपये, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78,000 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाती है। औसत मासिक बिजली खपत के अनुसार 0-150 यूनिट खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए 1-2 किलोवाट, 150-300 यूनिट के लिए 2-3 किलोवाट और 300 से अधिक यूनिट की खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए 3 किलोवाट से अधिक क्षमता का सोलर प्लांट लगवाना उपयुक्त है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए बैंकों द्वारा 5.75% से 7% तक की बेहद कम और आसान ब्याज दरों पर ऋण (लोन) उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कटिहार के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल आपके बिजली बिल को शून्य करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी आपका एक बड़ा योगदान साबित होगी। उन्होंने नागरिकों से इस कल्याणकारी योजना से जुड़कर आत्मनिर्भर ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया। योजना से जुड़ने और ऑनलाइन आवेदन करने के लिए नागरिक आधिकारिक राष्ट्रीय पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह