बिहार दिवस पर पीएम मोदी के बिहारवासियों को दिए गए प्रेरणादायी संदेश के लिए बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने जताया आभार
पटना, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखे पत्र में बिहारवासियों को दिए गए प्रेरणादायी संदेशों के लिए बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पीएम मोदी का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिखे गए पत्र के शब्दों में बिहार के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य की जो झलक दिखाई देती है, जो हम सभी के लिए प्रेरणादाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र ने पूरे देश को एक नई दिशा दी है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में “विकसित बिहार” का संकल्प भी निरंतर सशक्त हो रहा है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से यह प्रगति और भी तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में देश और बिहार दोनों निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे। संजय सरावगी ने बिहार दिवस पर देशवासियों और प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि आज पूरा प्रदेश उत्साह और उल्लास के साथ स्थापना दिवस मना रहा है। बिहार के अलावा देश-विदेश के विभिन्न स्थानों पर भी बिहार स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। एनडीए सरकार के सत्ता में आने के समय से ही हमने बिहार का स्थापना दिवस मनाना शुरू कर दिया था। आज यह उत्सव न केवल राज्य की राजधानी में बल्कि बिहार के हर जिले में और देश-विदेश में जहां भी बिहार की इकाइयां हैं, वहाँ मनाया जा रहा है।उन्होंने विश्वास के साथ कहा, बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में पहुंचने वाला है। बिहार की आर्थिक विकास दर हो या बिहार की आधारभूत संरचना हो या बिहार का स्वास्थ्य और शिक्षा हो, सभी क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। आज हम अपनी समृद्धशाली विरासत को याद कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त