प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित बिहार के संकल्प को मिल रही मजबूती : संजय सरावगी

 




पटना, 21 नवंबर (हि.स.)। बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली आगमन और नीतीश सेतु के लोकार्पण को बिहार के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

उन्होंने कहा कि आज बिहार के लिए बहुत बड़ा दिन रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली की धरती से बिहार को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मखाना की माला पहनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। बिहार की पहचान मखाना को सम्मान देते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल यानी नीतीश सेतु का लोकार्पण राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास की रफ्तार तेज करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजापाकर की धरती पर प्रधानमंत्री के अभिनंदन और स्वागत के लिए ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें उमड़ा जनसैलाब प्रधानमंत्री के प्रति बिहार की जनता के अपार विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। लाखों की संख्या में लोगों की उपस्थिति, नौजवानों का उत्साह और लोगों का उल्लास अभूतपूर्व रहा। प्रधानमंत्री का संबोधन भी बेहद प्रभावशाली रहा।

उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर बने छह लेन के केबल-स्टे ब्रिज 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर राज्य की कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर बिहार के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर काम कर रही हैं। आज की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि बिहार विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त