बदलेगी कटिहार के प्रखंड मुख्यालयों की तस्वीर: पीएम मोदी ने 5 प्रखंडों में नए कार्यालय भवनों व बिजली परियोजनाओं का किया शुभारंभ

 


कटिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले से राज्य के चतुर्दिक विकास के लिए कई मेगा परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर कटिहार जिले को भी बुनियादी ढांचे के विकास की बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री के कर-कमलों द्वारा जिले के पांच प्रखंड मुख्यालयों—बरारी, फलका, कोढ़ा, कटिहार और आजमनगर में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण कार्य तथा विद्युत विभाग की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) अपराह्न दो बजे से कटिहार के विकास भवन स्थित सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 25 सितंबर 2025 से 25 सितंबर 2026 की अवधि में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हुए आवासों के दस लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से उनके नए घर की चाबी भी सौंपी गई। पक्के मकान की चाबी पाकर लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

इस अवसर पर विकास भवन सभागार में जिले के माननीय जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों के निपटारे में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह