प्रधानमंत्री ने मधेपुरा को दी चार योजनाओं की सौगात, करोड़ों की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
मधेपुरा, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वैशाली में नीतीश सेतु को देश को समर्पित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। इसी कड़ी में मधेपुरा जिले को भी चार महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिला। प्रधानमंत्री ने इन योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मधेपुरा समाहरणालय स्थित न्यू एनआई सी भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ संदीप सिंह सहित जिले के सभी वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरंजन मेहता और सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमेश ऋषिदेव भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री के वैशाली आगमन और वहां आयोजित कार्यक्रमों का लाइव टेलीकास्ट न्यू एनआईसी भवन में किया गया। मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन और योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को लाइव देखा और सुना। इसी दौरान मधेपुरा जिले की चार योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ।
मधेपुरा को मिलीं ये चार योजनाएं
1. बिजली व्यवस्था को मजबूती देने की योजना
बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) के तहत स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट 2025-26 योजना में सिंहेश्वर एवं उदाकिशुनगंज क्षेत्र में 33 ग्रिड सब-स्टेशनों पर 60 नए 33 केवी फीडर बे के निर्माण की योजना शामिल है। इस परियोजना की कुल लागत 69.68 करोड़ रुपये है, जिसमें मधेपुरा जिले के हिस्से में 4.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना की शुरुआत 27 मार्च 2025 को हुई थी और इसे 19 नवंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है।
2. ग्वालपाड़ा में बनेगा नया विद्युत उपकेंद्र
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) की आरडीएसएस योजना के तहत सुखासन, ग्वालपाड़ा में गुरकीहाट नाम से 33/11 केवी पावर सब स्टेशन (PSS) का निर्माण किया गया है। इसके साथ 33 केवी एवं 11 केवी लाइन का भी निर्माण किया गया है। इस परियोजना पर 14.01 करोड़ रुपये की लागत आई है। योजना की शुरुआत 25 अगस्त 2025 को हुई थी और 19 नवंबर 2026 को इसका लोकार्पण किया गया।
3. कॉमर्स कॉलेज में बनेगा शैक्षणिक भवन
मधेपुरा स्थित कॉमर्स कॉलेज में शैक्षणिक भवन के निर्माण की योजना भी जिले को मिली सौगातों में शामिल है। बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम के माध्यम से संचालित इस परियोजना की लागत 3.97 करोड़ रुपये है। योजना की शुरुआत 15 फरवरी 2024 को हुई थी।
4. सोनवर्षा पैक्स में 1000 मीट्रिक टन गोदाम का शिलान्यास
सहकारिता विभाग के अंतर्गत शंकरपुर प्रखंड के सोनवर्षा पैक्स में 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। गोदाम के निर्माण से स्थानीय किसानों को कृषि उत्पादों के भंडारण में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इन योजनाओं के माध्यम से मधेपुरा में बिजली आपूर्ति व्यवस्था, शैक्षणिक आधारभूत संरचना और कृषि भंडारण सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिले के विकास को गति देने वाली इन परियोजनाओं से आम लोगों, विद्यार्थियों और किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar