प्रधानमंत्री आवास योजना व मनरेगा की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा बैठक
सुपौल, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत जी-राम-जी योजना, मनरेगा तथा लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में निदेशक लेखा प्रशासन, निदेशक एनईपी डीआरडीए, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) एवं प्रखंड समन्वयक स्वच्छता मौजूद रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों (मनरेगा) को विभागीय लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने का निर्देश दिया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रथम किस्त प्राप्त कर चुके लाभुकों से जल्द आवास निर्माण कार्य शुरू कराया जाए तथा जिन लाभुकों को सभी किस्तों की राशि मिल चुकी है, उनसे आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने वासस्थल विहीन लाभुकों को नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने, शेष लंबित आवास स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी करने, लंबित जियो टैगिंग कार्य शीघ्र समाप्त करने तथा एफटीओ (फंड ट्रांसफर ऑर्डर) जेनरेशन में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने को कहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र