पुलिस व एसटीएफ ने घेराबंदी कर दो युवकों को दबोचा, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

 


कटिहार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार जिला पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने बरारी थाना क्षेत्र स्थित तरियानी पुल के समीप किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे दो शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों के पास से एक अवैध देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस, नौ खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जानकारी के अनुसार, बरारी थानाध्यक्ष एवं एसटीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तरियानी पुल के पास दो संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ एकत्र होकर किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस व एसटीएफ बल ने मौके पर पहुंचकर विधिवत छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, जिन्हें जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया। विधिवत तलाशी के दौरान दोनों के पास से आग्नेयास्त्र, जिंदा राउंड और खोखा बरामद किया गया।

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के बकिया रानीचक निवासी 21 वर्षीय सन्नी कुमार यादव (पिता बब्लू यादव) तथा कौवामोर निवासी 20 वर्षीय मो. अल्फाज (पिता जाकिर हुसैन) के रूप में हुई है।

जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत बीते 24 घंटों में पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 75 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें कांडों में वांछित 35, जमानतीय वारंट के 35, गैर-जमानतीय वारंट के 5 और शराब से जुड़े मामलों के 20 अभियुक्त शामिल हैं। इसके अतिरिक्त हत्या के मामलों में 5, आर्म्स एक्ट में 3 और एनडीपीएस एक्ट में 1 आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। वाहन जांच के दौरान 69,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब, 47.43 ग्राम स्मैक, वाहन और नकदी भी जब्त की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह