ससुराल वालों ने विवाहिता काे जान से मारने का किया प्रयास, एसएसपी से न्याय की गुहार
भागलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सजौर थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गाँव की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता हीरा कुमारी ने इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर को एक लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और खुद व अपने बच्चों के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसएसपी को दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़िता हीरा कुमारी की शादी दिलीप सिंह के साथ हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि बीते 21 अगस्त को जब वह अपने मायके से ससुराल लौटी, तो उसके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने एकजुट होकर उसे घर में घुसने से रोकने का प्रयास किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर आरोप लगाते हुए महिला ने कहा कि इसी दौरान उसके पति ने उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने और जान से मारने की कोशिश की। महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर सजौर थाना पहुँची और पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता का कहना है कि सजौर थाने में मामला दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। आरोपी लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। शिकायत के अनुसार, केस वापस नहीं लेने पर विवाहिता और उसके मासूम बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने दावा किया कि इसी रंजिश में बीते 23 सितंबर को उसके साथ एक बार फिर मारपीट की गई और उसे बच्चों समेत घर से बाहर निकाल दिया गया।
वर्तमान में ससुराल जाने पर उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया जा रहा है, जिससे वह और उसके बच्चे अत्यंत भयभीत और परेशान हैं। इस पूरे विवाद के बीच स्थानीय स्तर पर पीड़िता के पति दिलीप सिंह द्वारा दूसरी शादी कर लिए जाने की बात भी चर्चा में बनी हुई है। फिलहाल, पीड़िता ने सुरक्षा की चिंता जताते हुए एसएसपी से न्याय और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर