जमीन विवाद को लेकर आईजी से न्याय की लगाई गुहार, दबंगों पर कब्जे की कोशिश का आरोप
भागलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र के कसबा मंदार मौजा में जमीन विवाद का मामला सामने आया है।
जमीन की मालकिन ने स्थानीय लोगों पर कब्जे की कोशिश और कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को पूर्वी प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता विद्युत प्रभा सिंह ने पूर्वी प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक को आवेदन देकर बताया है कि कसबा मंदार मौजा स्थित जमीन उनके नाम पर दर्ज है। उसका अंचल रसीद भी नियमित रूप से कटाया जाता है।
पीड़िता के पुत्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस जमीन का विधिवत बंदोबस्त वर्ष 1946 से पूर्व तत्कालीन जमींदार द्वारा उनके पूर्वजों के पक्ष में किया गया था। तभी से उनका परिवार इस भूमि पर वैध रूप से काबिज और दखलदार है।
प्रताप सिंह का आरोप है कि स्थानीय निवासी कृपेश सिंह, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, विनय कुमार सिंह समेत कई अन्य लोग राधा रानी पोखर के संरक्षण, सफाई और मत्स्य पालन से जुड़े कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी ईमेल के माध्यम से भी पुलिस अधिकारियों को दी गई है और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर