एमपीएल सीजन 4 के लिए छह टीमों ने 90 खिलाड़ियों पर लगाई बोली

 


अररिया 27 अक्टूबर(हि.स.)।

फारबिसगंज मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित एमपीएल सीजन 4 के अंतर्गत मारवाड़ी अतिथि सदन में मेगा क्रिकेट ऑक्शन का भव्य आयोजन किया गया। इसमें छह टीमों ने भाग लिया और अपनी-अपनी टीम के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाकर 15-15 खिलाड़ियों का चयन किया।

ऑक्शन में निखिल बोथरा सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें 29 लाख रूपये की सर्वाधिक बोली के साथ प्रथम स्थान मिला। वहीं मुकुल दुगड़ 28.5 लाख रूपये की बोली के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हर्ष बैद 25 लाख रूपये की बोली के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इन तीनों खिलाड़ियों पर लगी ऊंची बोलियों ने ऑक्शन के दौरान विशेष आकर्षण पैदा किया।

ऑक्शन में भाग लेने वाली छह टीमों के नाम सनहर्ट एलेवन, ब्लैक कैट्स, विक्ट्री वाइपर्स, जेएमडी एलेवन, अल्फा फोर्ब्स एवं फ्रेंड्स एलेवन हैं। सभी टीमों के ओनर्स एवं को-ओनर्स ने अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों पर बोली लगाई और अपनी टीम को मजबूत बनाने के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया।

कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच फारबिसगंज के अध्यक्ष दिलीप गौतम,अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक निशांत गोयल, सचिव सौरभ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल सहित मंच के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर