प्लास्टिक बैग मुक्ति को लेकर स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
अररिया 03 जुलाई(हि.स.)। विश्व प्लास्टिक बैग मुक्ति दिवस पर प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा के बच्चों ने आम ग्रामीणों में जागरूकता को लेकर शुक्रवार को तिरसकुंड में जागरूकता रैली निकाली। इससे पहले स्कूल में दिवस ज्ञान की जानकारी बच्चों को दी गई और बताया गया कि किस तरह प्लास्टिक पर्यावरण के लिए नुकसानदेह है।
शिक्षक कुमार राजीव रंजन ने बच्चों को बताया कि 3 जुलाई को प्लास्टिक बैग निषेध दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य लक्ष्य लोगों को एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक बैग के नुकसान के बारे में बताना है। यह दिवस लोगों को कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करता है।जल जीवन हरियाली को प्लास्टिक थैली से काफी नुकसान होता है।जीव जंतुओं के लिए भी यह काफी नुकसानदेह है।
प्रधान शिक्षक मिथिलेश कुमार सिंह ने प्लास्टिक बैग के बदले जूट या कपड़े के बने थैलों के इस्तेमाल पर जोर देने की बात कही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीणा टुड्डू ने भी अपने संथाली भाषा में बच्चों एवं अभिभावकों को प्लास्टिक बैग का प्रयोग नहीं या कम-से-कम करने की अपील की।मौके पर बच्चों ने प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करने को लेकर नारेबाजी भी की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर