जिला प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस में किया वृक्षारोपण

 


अररिया 20 मई(हि.स.)।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद द्वारा बुधवार को जिला अतिथि गृह परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संतुलन के लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक है।

मंत्री ने जिले में आयोजित सहयोग शिविर के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनके निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि जनता को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। सहयोग शिविर इसी उद्देश्य को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है। मंत्री ने आम लोगों से अपील की कि वे सहयोग पोर्टल अथवा सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखें तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जनता की सक्रिय भागीदारी से ही सुशासन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मौके पर बड़ी संख्या में एनडीए के कार्यकर्ता सहित अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर