लाजपत पार्क में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 


भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार एवं गंगा नदी के पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को लाजपत पार्क में एक पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया।

यह सराहनीय पहल जिला गंगा समिति, भागलपुर द्वारा की गई। अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक दुर्गा शंकर, गंगा समिति के विशिष्ट सदस्य महादेव रजक एवं चंद्रशेखर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा सामूहिक रूप से पौधारोपण कर किया गया।

इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों और पर्यावरण प्रेमियों ने समाज को पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरडीए के निदेशक दुर्गा शंकर ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने और हरित आवरण में वृद्धि करने के लिए पौधे लगाना बेहद जरूरी है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें पौधों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।

गंगा समिति के सदस्यों ने इस बात पर विशेष बल दिया कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करना उससे भी ज्यादा आवश्यक है। लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक पूरी सुरक्षा दी जाएगी। इस अभियान के दौरान लाजपत पार्क में मौजूद सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को एक जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित नागरिकों ने कसम खाई कि वे अधिकाधिक पौधारोपण के माध्यम से भागलपुर को स्वच्छ, सुंदर और हरित (ग्रीन भागलपुर) बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय पर्यावरण प्रेमी और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर