पिपरा के रामनगर में सहयोग शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण
सुपौल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के प्रखंड पिपरा प्रखंड के रामनगर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। सहयोग शिविर में विभिन्न मामलों को लेकर पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आमजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर संबंधित प्रखंड एवं विभागीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के निरीक्षण से शिविर में पहुंचे लोगों में अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर उम्मीद जगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र