पिपरा में रेलवे पटरी किनारे मिला किशोर का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

 






सुपौल, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही गांव में गुरुवार की सुबह रेलवे पटरी किनारे एक किशोर का शव मिला। मृतक की पहचान लिटियाही निवासी ब्रह्मदेव यादव के 14 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने रेलवे पटरी के किनारे किशोर का शव पड़ा देखा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों के मुताबिक, सत्यम कुमार बुधवार की दोपहर से ही घर से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला था। गुरुवार की सुबह रेलवे पटरी किनारे उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को रेलवे पटरी के किनारे फेंके जाने की आशंका जताई है।

परिजनों ने बताया कि बुधवार को लिटियाही स्थित सरकारी स्कूल में खेलने के दौरान सत्यम ने मधुमक्खी के छत्ते में पत्थर मार दिया था। इसके बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक छात्र के डंक लगने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि छात्रों ने इसकी शिकायत स्कूल प्रबंधन से की थी। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद सत्यम डर गया था और स्कूल से निकलने के बाद घर नहीं लौटा।

हालांकि, स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सत्यम कुमार पिछले कई दिनों से स्कूल नहीं आ रहा था। ऐसे में पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर पिपरा पुलिस मौके पर पहुंची। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र