पिपरा के झरका गोलीकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
सुपौल, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के झरका गांव में मंगलवार को हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि इस संबंध मे आर्म्स एक्ट के तहत पिपरा थाना मे मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने झरका गांव निवासी मनीष कुमार और चंपक कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों पर गौरवगढ़ निवासी युवक कुंदन कुमार को गोली मारने का आरोप है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घर के समीप पाट के खेत से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर कांड का सफल उद्भेदन होने से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र