हरियो-त्रिमुहान कोसीघाट पर पीपापुल का विस्तार कार्य शुरू, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

 


भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर प्रखंड के हरियो-त्रिमुहान कोसीघाट पर बहुप्रतीक्षित पीपापुल के विस्तार का कार्य मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। पुल निर्माण से जुड़ी एजेंसी द्वारा अतिरिक्त पीपों को जोड़ने और संपर्क पथ को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

इस कार्य के शुरू होने से कोसीपार के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों और दियारा क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि कोसी नदी की धारा में बदलाव और भीषण कटाव के कारण हरियो-त्रिमुहान घाट पर बना पीपापुल करीब 100 से 150 फीट छोटा पड़ गया था। नदी की चौड़ाई बढ़ने और दोनों छोर पर संपर्क मार्ग बाधित होने के कारण पुल पर आवागमन पूरी तरह चालू नहीं हो पा रहा था। इसके चलते स्थानीय ग्रामीणों और किसानों को जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ रही थी।

पीपापुल का विस्तार कार्य पूरा होते ही बिहपुर और खरीक प्रखंड के कोसीपार स्थित गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सीधा सड़क संपर्क बहाल हो जाएगा। दियारा क्षेत्र में हजारों एकड़ भूमि पर रबी और अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों को अब खाद-बीज और ट्रैक्टर आदि खेतों तक ले जाने तथा तैयार उपज को सुरक्षित बाजार व घर तक पहुंचाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर