एनएच-327ई पर पिकअप पलटा, 13 मजदूर घायल, दो की हालत गंभीर

 


किशनगंज, 13 अगस्त (हि.स.)। नेशनल हाईवे-327ई पर सुखानी थाना क्षेत्र के साबोडांगी के समीप गुरुवार को मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में पिकअप में सवार करीब 13 मजदूर घायल हो गए। इनमें दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन पौआखाली की ओर से ठाकुरगंज की तरफ जा रहा था। वाहन में करीब 13 लोग सवार थे। साबोडांगी के समीप पहुंचते ही चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद तेज रफ्तार पिकअप बीच सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद वाहन में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

बताया गया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर कर दिया गया। दो मजदूरों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद एनएच पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि पिकअप में 13 लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह