सुपौल में पिकअप ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत
सुपौल, 29 जून (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 47 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई।
मृतक अपनी सास के साथ वृद्धावस्था पेंशन की राशि निकालने बैंक जा रहा था, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उसे कुचल दिया।
हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और परिवार में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार, टरही पंचायत के हरिहर पट्टी वार्ड संख्या-04 निवासी निसार अहमद अपनी सास के साथ पिपरा बाजार स्थित बैंक जा रहे थे।
इसी दौरान मधेपुरा रोड पर ग्रामीण बैंक के समीप तेज गति से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले निसार अहमद की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन (संख्या बीआर-34जीए-9809) को घेर लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। निसार अहमद अपने पीछे एक पुत्र मोहम्मद इरशाद और दो पुत्रियां रबीना खातून तथा मरियम खातून छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र