जेपीयू में 15 जून से दो पालियों में होगी पीजी की परीक्षा

 


सारण, 13 जून (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत 15 जून से शुरू होने वाली पीजी परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि एडमिट कार्ड प्रमंडल के सभी पीजी कॉलेजों और विश्वविद्यालय कैंपस के सभी 17 पीजी विभागों में भेज दिए गए हैं। वर्तमान में ग्रीष्मावकाश होने के बावजूद कॉलेज व विभागों के कार्यालय खुले हैं जहां से छात्र अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।

परीक्षाएं दो अलग-अलग सत्रों के लिए आयोजित की जा रही हैं। पीजी फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2025-27 की परीक्षा 15 से 19 जून तक दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:30 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। इसके तहत सभी कोर कोर्स और अनिवार्य एडिशनल पेपर की परीक्षा होगी। विषयों को दो ग्रुपों में बांटा गया है ग्रुप ए में आर्ट्स, कॉमर्स व गणित तथा ग्रुप बी में विज्ञान व अन्य विषय शामिल हैं। इसके बाद 23 व 24 जून को प्रैक्टिकल परीक्षाएं होंगी।

पीजी सेकेंड सेमेस्टर सत्र 2024-26 की परीक्षा 15 से 20 जून तक इन्हीं दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें भी सभी कोर कोर्स और अनिवार्य एडिशनल विषय की परीक्षा होगी। मुख्य परीक्षा के बाद 25 और 26 जून को प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा शेड्यूल और केंद्रों की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट और विभागों के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध करा दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार