टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में पार्क बनवाने को लेकर एकजुट हुए पूर्ववर्ती छात्र
भागलपुर, 27 जून (हि.स.)।
भागलपुर के टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में बन रहे पार्क के समर्थन में अब बड़ी संख्या में पूर्ववर्ती छात्र और आसपास के मोहल्ले के लोग खड़े हो गए हैं।
इस बाबत शनिवार को मैदान परिसर में बैठक कर अपने-अपने विचारों को रखा। लोगों को साफ कहना था कि आज तक यह मैदान मूल सुविधाओं से वंचित रहा है। पहली बार मैदान का सौंदर्ययीकरण करते हुए मैदान में हाईटेक पार्क बनाया जा रहा है। पार्क में ओपन जिम, योग करने की जगह, बच्चों का प्लेग्राउंड, सुबह टहलने वालों के लिए ट्रैक, पूरे ग्राउंड में बेहतरीन लाइट की व्यवस्था के साथ-साथ हाईटेक कैमरे भी लगाए जाएंगे। जिससे स्थानीय लोगों खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी सुविधा होगी।
लोग स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ जो छात्र हैं, वह पार्क में बैठकर पढ़ाई भी कर सकेंगे। बैठक में मौजूद लोगों का साफ कहना था कि जो आज पार्क का विरोध कर रहे हैं, दरअसल वे सभी इस समाज के बाहर के लोग हैं और स्कूल के ठीक बगल में एक होटल है। पार्क बन जाने के कारण मैदान में चल रहे होटल का पार्किंग बंद हो जाएगा। जिससे होटल के अस्तित्व पर संकट मंडराने लग जाएगा। होटल को बचाने के लिए यह सोची समझी साजिश है। साथ ही साथ लोगों का साफ कहना था कि वैसे लोग ही इस पार्क का विरोध कर रहे हैं जो खुद भू माफिया है।
बैठक के दौरान गोलाघाट, गढ़ाइया, मंदरोजा चौक, सराय, विक्रमशिला कॉलोनी, गौशाला गली, कोतवाली चौक सहित आसपास के दर्जनों मोहल्ले के बागेश्वर राय, भूषण राम, अजय कुमार, किशन राय, मनीष मिश्रा, अर्जुन चौधरी, सूरज सिंह, सौरभ सिंह, निक्कू राय, गौरव नयन, टिंकू साव सहित काफी लोग शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर