पेंशन की 12 सूत्री मांगों को लेकर पेंशनर्स एसोसिएशन का 24 घंटे का धरना शुरू

 


सीवान, 29 सितंबर (हि.स.)। पेंशनर्स एसोसिएशन जिला शाखा, सीवान के तत्वावधान में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को शहर के गोपालगंज रोड स्थित अंबेडकर चौक पर 24 घंटे का धरना शुरू किया।

अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर आयोजित धरने में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनभोगी शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार से पेंशनभोगियों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की गयी।

धरना का नेतृत्व पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला मंत्री रामनाथ भगत ने किया। प्रदर्शन के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के समक्ष अपनी 12 सूत्री मांगों को प्रमुखता से रखा। पेंशनभोगियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला पदाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा। ज्ञापन में मार्च 2025 में संसद से पारित पेंशन नियम वैधीकरण अधिनियम-2025 को वापस लेने और प्रत्येक वेतन आयोग में पेंशन संशोधन सुनिश्चित करने की मांग की गयी है।

साथ ही 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हुए सरकारी कर्मचारियों के लिए भी 8वें केंद्रीय वेतन आयोग में पेंशन संशोधन को शामिल करने की मांग रखी गयी है। पेंशनभोगियों ने वेतन आयोग की सिफारिशों के कार्यान्वयन में होने वाली देरी को देखते हुए अंतरिम राहत देने की भी मांग की।

धरनार्थियों ने डीए-डीआर का 50 प्रतिशत हिस्सा मूल वेतन और पेंशन में शामिल करने, कम्युटेशन की बहाली 10 वर्ष आठ माह के बाद करने तथा पेंशन में एकरूपता सुनिश्चित करने की मांग की। एनपीएस और यूपीएस को समाप्त कर ग्रेच्युटी व कम्युटेशन समेत पूर्ण लाभ के साथ पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। इसके अलावा कोरोना काल के दौरान रोके गये 18 माह के डीए-डीआर का भुगतान, वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलवे और विमान यात्रा में 50 प्रतिशत रियायत की बहाली तथा राज्य सरकार के पेंशनभोगियों को केंद्रीय पेंशनभोगियों के समान डीए-डीआर देने की मांग की गयी।

पेंशनभोगियों ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठायी। ज्ञापन में 65 वर्ष की आयु से पेंशन में प्रत्येक पांच वर्ष पर 10 प्रतिशत वृद्धि, 80 वर्ष की आयु के बाद 20 प्रतिशत वृद्धि तथा पेंशनभोगियों की शिकायतों के समाधान के लिए सांविधिक राष्ट्रीय आयोग के गठन की मांग की गयी है।

धरना में रामाशंकर प्रसाद यादव, टुनटुन प्रसाद यादव, शकुंतला देवी, मैनेजर बैठा, शैल सिन्हा, कुंती देवी, आरती सिंह, शंकर शाह, चुन्नी लाल यादव, मोहम्मद करीम, वासुदेव यादव और शिवनाथ प्रसाद सहित कई सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma