लंबित मांगों को लेकर राजस्व अमीनों ने दिया धरना
सुपौल, 05 अक्टूबर (हि.स.)।
बिहार राजस्व अमीन संघ की सुपौल जिला इकाई की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज चौक पर धरना दिया गया।
संघ के सदस्यों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। धरने के दौरान राजस्व अमीनों ने वेतनमान और ग्रेड-पे में सुधार, लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा, पदोन्नति की व्यवस्था और गृह जिले में स्थानांतरण की मांग उठाई।
इसके अलावा कार्य के अनुरूप पर्याप्त संसाधन और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक आनंद ने कहा कि राजस्व अमीन जमीन से जुड़े मामलों के निपटारे के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी कई सेवा संबंधी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इससे कर्मचारियों में असंतोष है।
उन्होंने कहा कि धरने का उद्देश्य सरकारी कामकाज में बाधा डालना नहीं, बल्कि सरकार का ध्यान राजस्व अमीनों की समस्याओं की ओर आकृष्ट कराना है। मांगें पूरी होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व से जुड़े कार्यों के निष्पादन में भी तेजी आएगी। धरने में जिले के कई राजस्व अमीन शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र