छठ और दीपावली को लेकर शांति समिति की बैठक, घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता पर जोर
पश्चिम चम्पारण (बगहा),29अक्टूबर(हि.स. )। छठ एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को अनुमंडल सभागार, बगहा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा ने की। इसमें पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, सड़क की साफ-सफाई तथा प्रतिबंधित घाटों पर आवाजाही रोकने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।बैठक में छठ पर्व के मद्देनजर घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, पहुंच पथों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। साथ ही, खतरनाक एवं प्रतिबंधित घोषित छठ घाटों पर लोगों के जाने से रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की जानकारी दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेना आवश्यक बताया गया। वहीं, छठ घाटों पर प्रतिबंधित पटाखों को फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को पर्व के दौरान सतर्कता बनाए रखने तथा शांति एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर सत्येंद्र राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी बगहा-2 एवं रामनगर, नगर परिषद बगहा एवं रामनगर के कार्यपालक पदाधिकारी, रामनगर के अंचल अधिकारी, बगहा-2 के राजस्व अधिकारी तथा बगहा, पटखौली और रामनगर के थानाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी